उत्तराखंड

कांवड़ मेले में सिंगल यूज प्लास्टिक पर नगर निगम की नई पहल, कांवड़ियों को मुफ्त मिल रहे कम्पोस्टेबल बैग

कलयुग दर्शन (24×7)

रजत कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से नगर निगम हरिद्वार ने ‘प्लास्टिक एक्सचेंज अभियान’ शुरू किया है। इस अभियान के तहत कांवड़ मार्गों और गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं से प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलीथीन लेकर उन्हें निःशुल्क कम्पोस्टेबल बैग उपलब्ध कराए जा रहे हैं। नगर निगम की टीमें कांवड़ियों को कम्पोस्टेबल बैग वितरित करने के साथ-साथ सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण को होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी भी दे रही हैं। अभियान का उद्देश्य केवल प्रतिबंध लागू करना नहीं, बल्कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और व्यवहार परिवर्तन को प्रोत्साहित करना है।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि नियमों के अनुसार सिंगल यूज प्लास्टिक के व्यक्तिगत उपयोग पर भी चालान का प्रावधान है। हालांकि कांवड़ मेले के दौरान नगर निगम ने दंडात्मक कार्रवाई के बजाय जनजागरूकता और स्वैच्छिक सहभागिता को प्राथमिकता दी है। उनका कहना है कि जब लोगों को पर्यावरण-अनुकूल विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की वैज्ञानिक जानकारी दी जाएगी, तो वे स्वयं सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग छोड़ने के लिए प्रेरित होंगे। अभियान में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक अनिल कुमार, डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स की प्रतिनिधि अलका सिंह तथा नगर निगम के सफाई कर्मचारी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

Related Articles

Back to top button