उत्तराखंड

गोविंद घाट पर स्वच्छता अभियान, गंगा आरती के साथ गंगा संरक्षण का लिया संकल्प

कलयुग दर्शन (24×7)

संदीप कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। गंगा समग्र के तत्वावधान में हरिद्वार के गोविंद घाट पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री अम्बरीष के आगमन के अवसर पर घाट स्वच्छता अभियान एवं भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व गंगा समग्र के प्रांत प्रमुख रेशू चौधरी ने किया, जबकि तरुण सिरोही ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत गोविंद घाट पर स्वच्छता अभियान से हुई, जिसमें कार्यकर्ताओं ने घाट और गंगा तट पर फैले कचरे को साफ कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माँ गंगा की भव्य आरती आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर क्षेत्रीय संगठन मंत्री अम्बरीष ने गंगा तट पर पड़े पुराने कपड़ों, प्लास्टिक और अन्य कचरे पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि “माँ गंगा करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं।

उन्हें प्रदूषित करना हमारी संस्कृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति अन्याय है।” उन्होंने श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की कि गंगा में पुराने कपड़े, प्लास्टिक, पूजा सामग्री या किसी भी प्रकार का कचरा न डालें तथा दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें। समाजसेवी दिनेश मलिक ने कहा कि गंगा को निर्मल और अविरल बनाए रखने के लिए सरकार और प्रशासन के साथ-साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में प्रांत प्रमुख रेशू चौधरी के नेतृत्व में सभी कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने माँ गंगा की स्वच्छता, संरक्षण एवं जनजागरण के लिए निरंतर अभियान चलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर तरुण सिरोही, सुधीर बालियान, अमित तिवारी, शुभम, दीपक, अंकित, आकाश, प्रमोद कुमार, अभिषेक, ऋषभ, राधे कृष्ण शर्मा, गजेंद्र चौहान, सतीश पाल, पवन पाल, तेज पाल, राकेश ठाकुर, गोपाल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button