कांवड़ पटरी मार्ग पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे डीएम मयूर दीक्षित, शिवभक्तों से किया संवाद

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिवभक्तों से बातचीत कर पेयजल, चिकित्सा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर तत्काल अधिकारियों या हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील की।

जिलाधिकारी ने मौके पर तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ पटरी मार्ग पर सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सुरक्षा और सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी से कार्य करें। उन्होंने कांवड़ियों से यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा-करकट निर्धारित स्थानों पर डालने तथा जिला प्रशासन और सफाई कर्मियों का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और श्रद्धालुओं के सहयोग से ही हरिद्वार की पवित्रता एवं स्वच्छता बनी रह सकती है।

जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रियों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सभी संबंधित विभाग 24 घंटे समन्वय के साथ व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सचिन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




