उत्तराखंड

15 दिन में व्यवस्थित होंगे शहर में झूलते और अव्यवस्थित तार

कुंभ मेले के मद्देनजर डीएम ने विभागों और सेवा प्रदाता कंपनियों को दिए निर्देश

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में नगरीय क्षेत्र में झूलते एवं अव्यवस्थित विद्युत, टीवी केबल और इंटरनेट तारों को व्यवस्थित करने के संबंध में बैठक हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों एवं सेवा प्रदाता कंपनियों को निर्देश दिए कि शहर में जहां भी झूलते या अव्यवस्थित तार हैं, उन्हें 15 दिनों के भीतर सुरक्षित और व्यवस्थित किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेला और स्नान पर्वों को देखते हुए हरिद्वार को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाना प्राथमिकता है। जहां भूमिगत विद्युत लाइनें बिछ चुकी हैं, वहां पुराने एवं अनुपयोगी तार हटाए जाएं और उपयोग में आ रहे तारों की बंचिंग कर उन्हें व्यवस्थित किया जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समन्वय के साथ अभियान चलाकर नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले 2 से 3 माह में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी तारों के जंजाल और केबल क्लटर को व्यवस्थित किया जाएगा। अव्यवस्थित तार दुर्घटनाओं का कारण बनने के साथ शहर की सुंदरता और स्वच्छता को भी प्रभावित करते हैं। बैठक में एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट हरि गिरी, सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी सहित विद्युत विभाग, नगर निगम एवं केबल-इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button