उत्तराखंड

पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का शुभारंभ, भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा के समन्वय पर जोर

ज्ञान, संस्कार और आधुनिक विज्ञान का समन्वय नई पीढ़ी के लिए आवश्यक: मुख्यमंत्री

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को पतंजलि वेलनेस योगग्राम, ग्राम औरंगाबाद में प्रथम पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का शुभारंभ किया। उन्होंने गुरुकुलम् के उद्घाटन पर योगगुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण और पतंजलि परिवार को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा का प्रमुख केंद्र है। पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल परंपरा ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन और चरित्र निर्माण पर जोर देती रही है।

आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक के साथ योग, आयुर्वेद, भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों का समन्वय नई पीढ़ी को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में कौशल, नवाचार, भारतीय ज्ञान परंपरा और विद्यार्थियों के समग्र विकास पर विशेष जोर दिया गया है। उत्तराखंड में भी इसे प्रभावी रूप से लागू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिकता और परंपरा एक-दूसरे की विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में विज्ञान, शोध और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है।

देहरादून में साइंस सिटी विकसित की जा रही है तथा युवाओं को कौशल, स्टार्टअप और इनोवेशन से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग पांच वर्षों में करीब 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार के अवसर मिले हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् भविष्य में देश-विदेश के विद्यार्थियों के लिए योग, आयुर्वेद, ज्ञान और विज्ञान के अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां से शिक्षा प्राप्त विद्यार्थी ज्ञान, संस्कार और सेवा की भावना के साथ समाज एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे।

कार्यक्रम में आचार्य बालकृष्ण, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, विधायक रवि बहादुर, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट हरिद्वार हर गिरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button