सरदार पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली एकता और अखंडता की शपथ

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। साथ ही आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प भी दिलाया। इस अवसर पर एडीएम जितेंद्र कुमार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता, समर्पण और कर्मनिष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने देश की रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

उनके आदर्श हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए एकता, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के सिद्धांतों को अपनाकर ही सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी आशीष वर्मा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी वीरेंद्र राणा, प्रशासनिक अधिकारी रमेश चंद्र जोशी एवं नवीन मोहन भंडारी, प्रधान सहायक अंशुल चौहान और शशांक कश्यप सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



