सरदार पटेल की जयंती पर सपा कार्यकर्ताओं ने किया नमन, एकता के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

कलयुग दर्शन (24×7)
हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)
सहारनपुर। देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका भावपूर्ण स्मरण करते हुए चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके आदर्शों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया गया। अंबाला रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल महान व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने देश की रियासतों को एकजुट कर राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने का कार्य किया। उन्होंने समाज में आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दिया। पूर्व मंत्री विनोद तेजियान ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्श और सिद्धांत आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचारों का अनुसरण कर देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया जा सकता है।

प्रदेश सचिव माजिहर राणा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाना चाहिए। उन्होंने एमएलसी चुनाव में पार्टी को मिली सफलता पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह 2027 के विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल था। अब सभी को आगामी चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटना होगा। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



