भागीरथ महोत्सव मेला 3.0 में ममता भारद्वाज, राधा श्रीवास्तव और मंजू नौटियाल की सजेगी संगीत संध्या

कलयुग दर्शन (24×7)
संदीप कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। भेल क्षेत्र के धीरवाली रोड स्थित सीएफएफपी (फाउंड्री) गेट के सामने आयोजित भागीरथ महोत्सव मेला 3.0 में अगले तीन दिन संगीत और सुरों का शानदार संगम देखने को मिलेगा। मेले में ममता भारद्वाज, राधा श्रीवास्तव और मंजू नौटियाल अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। भागीरथ जनकल्याण सेवा समिति (रजि.), हरिद्वार के अध्यक्ष मनोज मोहन यादव ने बताया कि 1 नवंबर को सारेगामा फेम ममता भारद्वाज अपनी गायकी से समां बांधेंगी। वहीं, 3 नवंबर को आयोजित भोजपुरी नाइट में इंडियन आइडल फेम राधा श्रीवास्तव अपनी प्रस्तुति देंगी। 5 नवंबर को गढ़वाली म्यूजिकल नाइट में उत्तराखंड की लोकप्रिय लोकगायिका मंजू नौटियाल और गायक अमित खरे लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां देंगे।

समिति के उपाध्यक्ष तरुण शुक्ला ने बताया कि सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम सात बजे से शुरू होंगे और दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित मेले में पहुंचकर कार्यक्रमों का आनंद लेने की अपील की। उल्लेखनीय है कि भागीरथ महोत्सव मेला 3.0 का आयोजन 6 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है। मेले में मनोरंजन, खरीदारी और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।



