हरिद्वार में धूमधाम से मना उत्तराखंड स्थापना दिवस, आंदोलनकारी सम्मानित
प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया समारोह का शुभारंभ, विकास पुस्तिका का विमोचन

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ जनपद हरिद्वार में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। समारोह में प्रभारी मंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों को पटका एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

सतपाल महाराज ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने हरिद्वार में यूसीसी के एक लाख से अधिक पंजीकरण, नीति आयोग की रैंकिंग, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि और महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न योजनाओं से लाखों लोग लाभान्वित हो रहे हैं।

स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 23 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मेयर किरण जैसल और राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने भी प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, किसानों, लाभार्थियों, छात्र-छात्राओं और नगर निगम के पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया।

विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई। मतदाता जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संचालन विनोद प्रसाद मिश्रा एवं डॉ. नरेश चौधरी ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, विधायक आदेश चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, राज्य आंदोलनकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।



