उत्तराखंड

फर्जी पत्रकारों की बढ़ती भीड़ से अधिकारी और संत-महात्मा परेशान, दिवाली पर उपहार मांगने वालों की भरमार

भंडारों से लेकर सरकारी कार्यालयों तक कथित पत्रकारों का जमावड़ा, असली पत्रकारों की छवि हो रही धूमिल: राकेश वालिया

कलयुग दर्शन (24×7)

राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में फर्जी पत्रकारों की बढ़ती भीड़ अब अधिकारियों, नेताओं और संत-महात्माओं के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। दीपावली के अवसर पर उपहार और अन्य सुविधाएं मांगने वाले कथित पत्रकारों की संख्या लगातार बढ़ने से पत्रकारिता की छवि भी प्रभावित हो रही है। इस संबंध में राकेश वालिया ने चिंता जताते हुए कहा कि आज स्थिति यह हो गई है कि कई भंडारों में संत-महात्माओं से अधिक कथित पत्रकारों की भीड़ दिखाई देने लगी है। ऐसे लोगों की वजह से वास्तविक पत्रकारों को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। कई बार असली पत्रकार अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए ऐसी भीड़ से दूरी बना लेते हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली पर उपहार मांगने के नाम पर सरकारी विभागों में भी कथित पत्रकारों का जमावड़ा लगने की चर्चाएं हैं। सिंचाई विभाग के अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक इस तरह की मांगों को लेकर परेशान होने की बातें सामने आ रही हैं। यहां तक कि कुछ जनप्रतिनिधियों के पास सैकड़ों कथित पत्रकारों की सूची पहुंचने की चर्चाएं भी हैं।

राकेश वालिया ने कहा कि आबकारी विभाग से शराब मांगने के लिए भी कुछ लोग पत्रकार होने का परिचय देते हैं। अब इस तरह की गतिविधियों में महिलाओं के भी शामिल होने की बातें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता कोई उपहार, शराब या व्यक्तिगत लाभ लेने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और जनहित के मुद्दों को उठाने की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे कथित पत्रकारों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की तथा वास्तविक पत्रकारों से अपनी गरिमा और प्रतिष्ठा बनाए रखने की अपील की।

Related Articles

Back to top button