राज्य आंदोलनकारियों ने मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर शहीदों को किया नमन

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर चिन्हित राज्य आंदोलनकारी समिति की ओर से प्रेमनगर आश्रम स्थित अग्रसेन घाट पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आंदोलनकारियों ने मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही आतिशबाजी कर उत्तराखंड की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर राजेश बिंजोला ने कहा कि भारत के नक्शे पर उत्तराखंड को अलग राज्य के रूप में नई पहचान मिलना प्रत्येक प्रदेशवासी के लिए गर्व की बात है। वहीं जयप्रकाश मालकोटी ने अंकिता हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस मामले में आरोपों से घिरे व्यक्ति को संवैधानिक पद पर बैठाना उत्तराखंड की जनता के साथ बड़ा धोखा है। कमला पांडे ने कहा कि उत्तराखंड आंदोलन के शहीदों को आज तक न्याय नहीं मिल पाया है। राज्य के संसाधनों पर भू-माफिया और बाहरी लोगों का कब्जा बढ़ रहा है तथा मातृशक्ति की सुरक्षा भी चिंता का विषय बनी हुई है। समिति के जिलाध्यक्ष सूर्यकांत भट्ट ने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी उत्तराखंड का युवा रोजगार से वंचित है और पलायन करने को मजबूर है।

बाहरी व्यक्तियों को कथित फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दिए जाने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्यशैली और हठधर्मिता से युवा और आमजन में आक्रोश है। भीमसेन रावत ने मांग की कि उत्तराखंड के जनकवि गिरीश गिर्दा के गीत ‘उत्तराखंड मेरी मातृभूमि’ को राज्य गीत का दर्जा दिया जाए। इस अवसर पर साधना नवानी, बसंती पटवाल, कमला पांडे, सरिता सेमवाल, विमला नैनवाल, सत्यभामा, कमला ढोंडियाल, रोहित प्रताप सिंह, नत्थीलाल जुयाल, राजेश गुप्ता, राजेश बिंजोला, आनंद सिंह नेगी, जयप्रकाश मालकोटी, भीमसेन रावत, विनोद डंडरियाल, कुंवर सिंह बिष्ट, बलवीर नेगी सहित समिति के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।



