लंढौरा में सरकारी ज़मीन पर अवैध कब्ज़ा, RTI कार्यकर्ता ने उठाई आवाज़
कलयुग दर्शन (24×7)
मो. नदीम (संपादक)
हरिद्वार, लंढौरा (रुड़की)। लंढौरा नगर पंचायत की सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों का मामला फिर से चर्चा में है। आरटीआई कार्यकर्ता जुल्फकार ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को लिखित शिकायत भेजकर इस अवैध निर्माण को रोकने की मांग की है। जानकारी के अनुसार, गाधारोना मार्ग स्थित खसरा नंबर 698 पर पहले भी अवैध निर्माण हो चुका है और अब फिर से निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

जुल्फकार का कहना है कि यह भूमि नगर पंचायत की संपत्ति है, जिस पर कुछ लोग कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि कब्जाधारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। आरटीआई कार्यकर्ता का आरोप है कि नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी इस मामले को नजरअंदाज कर रहे हैं और सरकारी भूमि पर कब्जे रोकने के बजाय सांठगांठ के आरोपों से घिरे हैं। बताया जा रहा है कि नगर पंचायत की कई अन्य भूमि पर भी पहले से अवैध कब्जे हो चुके हैं और शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या खसरा नंबर 698 पर हो रहे अवैध निर्माण को रोका जा सकेगा।



