उत्तराखंड

श्री स्वामी भूमानन्द अस्पताल का नया ओपीडी भवन और एमआरआई सेंटर शुरू

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार में मंगलवार को पूज्य स्वामी भूमानन्द तीर्थ जी महाराज के 121वें प्रकट महोत्सव के अवसर पर श्री स्वामी भूमानन्द अस्पताल के नव-निर्मित ओपीडी भवन और अत्याधुनिक एमआरआई सेंटर का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल श्री आरिफ मोहम्मद खान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। एमआरआई सेंटर का लोकार्पण प्रसार भारती के चेयरमैन श्री नवनीत सहगल ने किया।

सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कार्यक्रम में कहा कि यह अस्पताल पूज्य महाराजश्री की दूरदर्शी सोच और सेवा-भाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “अब हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को दिल्ली या देहरादून जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एमआरआई सेंटर जैसी आधुनिक सुविधा यहाँ उपलब्ध होना उत्तराखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम है।”

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने अपने संबोधन में कहा कि पूज्य स्वामी भूमानन्द जी का आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने हरिद्वार की पवित्रता और इस संस्थान के सामाजिक योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद श्री स्वामी भूमानन्द कॉलेज के छात्रों ने भारतीय संस्कृति की झलक पेश करते हुए आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।

इस मौके पर ज्येष्ठ ट्रस्टी स्व. सेठ इन्द्रप्रकाश जी एवं स्व. श्रीमती निर्मला देवी की स्मृति में उनके पुत्र श्री सरेश कुमार गर्ग द्वारा निर्मित हॉल को अस्पताल को समर्पित किया गया। पूज्य महाराजश्री के प्रयासों से अब हरिद्वार में 400-बेड का यह अत्याधुनिक अस्पताल संचालित है। कार्यक्रम में सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत, विधायक, मेयर, ट्रस्टीगण, चिकित्सक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में अस्पताल के डॉक्टरों और सहयोगियों को सम्मानित किया गया और उनके योगदान की सराहना की गई।

[metaslider id="7337"]


[banner id="7349"]

Related Articles

Back to top button