उत्तराखंड

21 नवंबर को हरिद्वार पहुंचेगी जूना अखाड़े की रमता पंचों की जमात

नगर प्रवेश के साथ शुरू होंगी कुंभ की गतिविधियां, 1 दिसंबर को भूमि पूजन और 23 दिसंबर को स्थापित होगी धर्म ध्वजा

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। श्रीपंच दशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात शनिवार, 21 नवंबर को गोधूलि बेला में हरिद्वार नगर प्रवेश करेगी। जमात के आगमन के साथ ही अखाड़े में कुंभ मेले की तैयारियां और धार्मिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। जमात के स्वागत के लिए जूना अखाड़े के नागा संन्यासी, श्रद्धालु और प्रशासन तैयारियों में जुटे हैं। जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने बताया कि पूर्व निर्धारित शुभ मुहूर्त में जमात हरिद्वार पहुंचेगी। जमात कुंभ मेले के सकुशल और निर्विघ्न संपन्न होने की कामना के साथ उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थों चारों धाम, मां नंदा देवी, ओम पर्वत, आदि कैलाश और मां पूर्णागिरि में पूजा-अर्चना करेगी। इसके बाद हरिद्वार में हरकी पैड़ी स्थित मां गंगा, दक्षेश्वर महादेव, माया देवी, बिल्वकेश्वर महादेव, गौरी शंकर महादेव और नीलेश्वर महादेव के दर्शन किए जाएंगे। अंत में जमात ज्वालापुर स्थित पांडेवाला पहुंचकर मां ज्वाला देवी के दर्शन करेगी और वहीं अपना शिविर स्थापित करेगी। श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने बताया कि पांडेवाला में जमात का रात्रि विश्राम करना प्राचीन सनातन परंपरा का हिस्सा है। मान्यता है कि प्राचीन काल में मायापुरी हरिद्वार में रात्रि विश्राम निषेध था, इसलिए यात्री ज्वालापुर में विश्राम करते थे। पांडेवाला का प्राचीन नाम पांडव वाला बताया जाता है।

मान्यता के अनुसार, पांडवों ने अपनी अंतिम हिमालय यात्रा के दौरान यहां विश्राम कर मां ज्वाला देवी की पूजा की थी। उन्होंने बताया कि अखाड़े के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 दिसंबर को भैरव अष्टमी पर अभिजीत मुहूर्त में भूमि पूजन होगा। 23 दिसंबर को भगवान दत्तात्रेय जयंती पर शुभ मुहूर्त में धर्म ध्वजा स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही धार्मिक दृष्टि से कुंभ का विधिवत शुभारंभ माना जाएगा। 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर भव्य पेशवाई निकाली जाएगी। मेला प्रशासन के अनुसार, हरिद्वार अर्धकुंभ मेला 14 जनवरी से 20 अप्रैल तक आयोजित होगा। मेले में कुल 10 प्रमुख स्नान होंगे, जिनमें 6 मार्च को महाशिवरात्रि, 8 मार्च को फाल्गुन अमावस्या और 14 अप्रैल को मेष संक्रांति का स्नान प्रमुख अमृत स्नान होंगे। पूर्व में इन्हें शाही स्नान कहा जाता था। रमता पंच अखाड़े की चलायमान पंचायत होती है, जो कुंभ से पहले नगर में पहुंचकर छावनी, धर्म ध्वजा और पेशवाई की तैयारियों का मार्ग प्रशस्त करती है। जमात के नगर प्रवेश के बाद अखाड़े की कुंभ संबंधी गतिविधियां गति पकड़ेंगी और धर्मनगरी में कुंभ की चहल-पहल शुरू हो जाएगी।

Related Articles

Back to top button