उत्तराखंड

कुंभ से पहले हरिद्वार की दीवारों पर उकेरी जा रही भारतीय संस्कृति की झलक

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले को दिव्य एवं भव्य स्वरूप देने के लिए धर्मनगरी हरिद्वार के सौंदर्यीकरण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व एवं कुंभ मेला अधिकारी सोनिका तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शहर की दीवारों को आकर्षक कलाकृतियों से सजाया जा रहा है। हाईवे की दीवारों से लेकर चंडी देवी की पहाड़ियों तक देशभर से पहुंचे युवा कलाकार अपनी कला के रंग बिखेर रहे हैं। कुंभ मेले में देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के स्वागत के लिए चलाए जा रहे इस अभियान के तहत भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, आध्यात्मिकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया जा रहा है। शहर के सौंदर्यीकरण अभियान में मास्टर ऑफ फाइन आर्ट्स (एमएफए) एवं बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (बीएफए) की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को भी जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने और महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से युवा कलाकारों को प्रतिभा प्रदर्शन के साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

अभियान में बड़ी संख्या में छात्राएं उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी निभा रही हैं। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे कलाकार दीवारों पर ग्रीन कुंभ, साधु-संतों, समुद्र मंथन, हरकी पैड़ी, महाकुंभ, रामायण, भीम लीला, शिव लीला और सती प्रसंग जैसे धार्मिक एवं पौराणिक विषयों पर आधारित आकर्षक चित्र बना रहे हैं। इन कलाकृतियों के जरिए भारतीय धर्म, संस्कृति और पौराणिक विरासत के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा रहा है। इस पहल से कुंभ नगरी हरिद्वार की सुंदरता और आकर्षण में वृद्धि होगी। साथ ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को भारतीय कला और सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। अभियान से युवा कलाकारों, विशेषकर छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलने के साथ ही कला एवं कलाकारों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

Related Articles

Back to top button