सिडकुल में अवैध पार्किंग पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 45 भारी वाहनों के चालान

कलयुग दर्शन (24×7)
सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग ने सिडकुल क्षेत्र में अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क पर बेतरतीब खड़े होकर यातायात बाधित करने वाले 45 भारी वाहनों के चालान किए गए। साथ ही वाहनों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की गई। एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा और एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना रहा। अधिकारियों ने वाहन चालकों को निर्धारित एवं अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ब्लैकलिस्ट किए जाने पर नियमानुसार वाहनों की फिटनेस सहित अन्य विभागीय सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

परिवहन विभाग ने ट्रांसपोर्टरों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से वाहनों की उचित पार्किंग सुनिश्चित करने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोबारा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



