देव संस्कृति विवि में आज से दो दिवसीय शताब्दी समारोह, मोहन भागवत और राजनाथ सिंह होंगे शामिल

कलयुग दर्शन (24×7)
आशु (संवाददाता)
हरिद्वार। माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी एवं अखंड दीप शताब्दी समारोह के उपलक्ष्य में 21 व 22 नवम्बर को देव संस्कृति विश्वविद्यालय में दो दिवसीय भव्य आयोजन किया जाएगा। समारोह में आरएसएस के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सांसद बांसुरी स्वराज सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। समारोह के दलनायक एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने पत्रकारवार्ता में बताया कि यह आयोजन धर्मतंत्र के जागरण को समर्पित रहेगा। इसमें भारत सहित 40 देशों के 24 हजार से अधिक परिजनों के शामिल होने की संभावना है। देशभर में गायत्री परिवार के 5,590 से अधिक केंद्रों के कार्यकर्ता भी आयोजन से जुड़ेंगे। उन्होंने बताया कि सामाजिक समरसता, नशामुक्त भारत, संस्कारयुक्त समाज और युवा शक्ति के जागरण को गति देना समारोह का प्रमुख उद्देश्य है।

विशेष रूप से हरिद्वार के युवाओं को नशामुक्ति अभियान से जोड़ने की पहल की जाएगी। दो दिवसीय समारोह में ध्वजारोहण, शोभायात्रा, संत समागम और सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श सत्र आयोजित होंगे। संत समागम में योगगुरु स्वामी रामदेव, स्वामी राजराजेश्वराश्रम और स्वामी चिदानंद मुनि सहित अनेक संत शामिल होंगे। डॉ. पंड्या ने बताया कि समारोह के दौरान माता भगवती देवी शर्मा के सम्मान में विशेष डाक टिकट के विमोचन का भी प्रस्ताव है।



