यूजीसी कानून पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में चर्चा की मांग

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में यूजीसी कानून पर चर्चा कराने की मांग की है। परशुराम घाट पर आयोजित बैठक में अखाड़े के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय भाजपा नेताओं से इस मुद्दे को केंद्रीय नेतृत्व के सामने उठाने और अखाड़े के पदाधिकारियों की केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कराने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर विरोध दर्ज कराने की चेतावनी भी दी गई। अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि यूजीसी कानून के प्रावधानों को लेकर सवर्ण समाज में चिंता है। इससे समाज के बच्चों के भविष्य पर असर पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में शामिल होने वाले केंद्रीय नेताओं के सामने इस मुद्दे को रखा जाना चाहिए, ताकि समाज की चिंताओं से उन्हें अवगत कराया जा सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़े कानून बनाते समय सभी वर्गों की चिंताओं को सुनना जरूरी है।

स्थानीय भाजपा नेता इस मामले में जल्द पहल करें, अन्यथा अखाड़ा विरोध दर्ज कराएगा। बैठक में पदम प्रकाश, कुलदीप शर्मा, स्वामी कार्तिकेय गिरी, विशाल चौहान, रोहित गिरी, मनोज ठाकुर, पवन भगवा, करण पंडित, ऋषि शर्मा और आचार्य संजय सहित कई लोग मौजूद रहे।



