उत्तर प्रदेश

मतदाता सूची में गड़बड़ी की साजिश का आरोप, एडीएम को सौंपा ज्ञापन

कलयुग दर्शन (24×7)

हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)

सहारनपुर। सहारनपुर में मतदाता सूची को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने सत्ता पक्ष के दो जनप्रतिनिधियों पर रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र-06 और सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र-04 के मतदाताओं को सहारनपुर नगर विधानसभा क्षेत्र-03 की मतदाता सूची में शामिल कराने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। टिंकू अरोड़ा ने बताया कि नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाले कुछ वार्डों में देहात और रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र की कॉलोनियां भी शामिल हैं। आरोप है कि इन्हीं क्षेत्रों के मतदाताओं को सहारनपुर नगर की मतदाता सूची में जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रविवार को निर्वाचन कार्यालय बंद होने के बावजूद दो अधिकारियों की मौजूदगी में सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि काफी देर तक कार्यालय में मौजूद रहे। इस मामले में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया और मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने की मांग की गई।

टिंकू अरोड़ा ने निर्वाचन अधिकारियों, बीएलओ और कर्मचारियों से सत्ता पक्ष के दबाव में काम न करने तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम न काटने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर सही मतदान बूथों को दूसरे मतदान स्थलों पर स्थानांतरित किया गया, जिससे मतदाताओं को परेशानी हो सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मतदाता सूची को प्रभावित करने या दूसरे विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं को सहारनपुर नगर में जोड़ने का प्रयास किया गया तो इसकी शिकायत मुख्य चुनाव आयुक्त और भारत निर्वाचन आयोग से की जाएगी। उन्होंने आगामी चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने की मांग की।

Related Articles

Back to top button