उत्तराखंड

दो साल बाद पिता से मिला बेटा, हरिद्वार पुलिस ने बिछड़े परिवार को मिलाया

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। प्रयागराज कुंभ में परिवार से बिछड़े बिहार निवासी एक बुजुर्ग को हरिद्वार पुलिस ने दो साल बाद उनके परिजनों से मिलाकर परिवार की खुशियां लौटा दीं। कलियर में सत्यापन अभियान के दौरान भिक्षावृत्ति करते मिले बुजुर्ग की पहचान कर एएचटीयू और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम ने उनके परिजनों से संपर्क किया। वीडियो कॉल पर पिता को देखते ही बेटे की आंखें भर आईं। सूचना मिलते ही बेटा हरिद्वार पहुंचा और पिता को गले लगाकर भावुक हो गया। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान एएचटीयू के कांस्टेबल मुकेश कुमार को कलियर शरीफ स्थित मजार परिसर में जूता स्टॉल के पास करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग लोगों से खाने-पीने की चीजें और पैसे मांगते मिले। पूछताछ में बुजुर्ग ने बताया कि वह बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। दो साल पहले वह गांव के लोगों के साथ प्रयागराज कुंभ में स्नान करने गए थे, जहां परिवार से बिछड़ गए। इसके बाद से ही वह इधर-उधर भटक रहे थे। बुजुर्ग से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने कुटुंबा थाना पुलिस से संपर्क किया और उनके परिजनों की जानकारी जुटाई। इसके बाद वीडियो कॉल के माध्यम से बुजुर्ग की उनके बेटे अंकित से बात कराई गई।

पिता को देखते ही अंकित भावुक हो गया और उसने उनकी पहचान अपने पिता के रूप में की। उसने बताया कि उसके पिता दो साल पहले प्रयागराज कुंभ में गांव के लोगों के साथ गए थे और वहीं से लापता हो गए थे। परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी। पिता के मिलने की सूचना से परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। बेटा रात में ही ट्रेन से हरिद्वार पहुंचा और अगले दिन कलियर पहुंचकर पिता से मिला। लंबे समय बाद पिता को सामने देखकर बेटे ने उन्हें गले लगा लिया। इस भावुक मिलन के दौरान पिता-पुत्र दोनों की आंखों से आंसू छलक पड़े। बेटे ने हरिद्वार पुलिस की संवेदनशीलता और कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार जताया। पुलिस ने बुजुर्ग को उनके बेटे अंकित और अन्य परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अंकित केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। इस सराहनीय कार्य में एएचटीयू के कांस्टेबल मुकेश कुमार, कलियर के एसएसआई रमेश सैनी, एसआई विनोद गोला, हेड कांस्टेबल जमशेद, बीआर वर्मा, रविंद्र सिंह और कांस्टेबल जितेंद्र शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button