पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं अधिकारी: त्रिवेंद्र सिंह रावत
दिशा समिति की बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं की समीक्षा

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
हरिद्वार। सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में गुरुवार को कुंभ मेला नियंत्रण भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जनहित के कार्यों में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, पोषण अभियान तथा रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों ने योजनाओं की उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं केवल सरकारी आंकड़ों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनका वास्तविक लाभ पात्र लोगों को मिलना चाहिए। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने पात्र लाभार्थियों का पारदर्शी तरीके से चयन करने तथा योजनाओं से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन से वंचित पात्र लोगों को चिह्नित कर शीघ्र लाभान्वित करने को भी कहा।
कुंभ से पहले सड़क निर्माण कार्य पूरे करने के निर्देश
सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत के सभी आवश्यक कार्य दिसंबर माह के अंत तक पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि जनवरी माह से प्रारंभ होने वाले कुंभ मेले को देखते हुए श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों के सुगम आवागमन के लिए सड़क मार्गों को दुरुस्त करना बेहद जरूरी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

सड़क दुर्घटनाओं में कमी के प्रयासों की सराहना
जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सांसद ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं परिवहन विभाग के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशन में परिवहन विभाग द्वारा पिछले तीन माह से लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इन प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण की दिशा में बेहतर कार्य हुआ है। उन्होंने अन्य विभागों को भी अपनी योजनाओं का प्रभावी ढंग से संचालन करने के निर्देश दिए। सांसद ने सुकन्या समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों को योजना से जोड़ने पर जोर दिया। बैठक में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, विद्युत व्यवस्था में सुधार, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा एवं सिंचाई से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद में संचालित केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का सभी विभागों से शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजनाओं की नियमित समीक्षा कर उनकी प्रगति की निगरानी की जा रही है। बैठक में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, महापौर किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विधायक हरिद्वार ग्रामीण अनुपमा रावत, विधायक झबरेड़ा वीरेंद्र कुमार जाति, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत सहित दिशा समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



