24 घंटे में 45 लाख की चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
सर्राफ के घर से चोरी हुए सोने-चांदी के जेवरात समेत शत-प्रतिशत माल बरामद, एसएसपी अभिनन्दन ने किया खुलासा

कलयुग दर्शन (24×7)
हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)
सहारनपुर। थाना मंडी पुलिस ने महावीर कॉलोनी में सर्राफ संजीव जैन के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी किया गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है। बरामद जेवरात और अन्य कीमती सामान की अनुमानित कीमत करीब 40 से 45 लाख रुपये बताई गई है। एसएसपी अभिनन्दन ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता कर इस बड़ी पुलिस कार्रवाई का खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चोना उर्फ मुजम्मिल और सलीम के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के, कलश, डिनर सेट, घड़ियां और अन्य कीमती सामान बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई सुपर स्प्लेंडर बाइक और प्लास भी कब्जे में लिया गया है।

इस पूरे खुलासे में थाना मंडी प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा और एसओजी प्रभारी राजीव कुमार सक्सैना की अहम भूमिका रही। एसएसपी के निर्देशन में थाना मंडी पुलिस ने एसओजी, स्वॉट और सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त रणनीति बनाकर आरोपियों तक पहुंच बनाई और चोरी की वारदात का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मुजम्मिल के खिलाफ मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है। महज 24 घंटे में चोरी की घटना का खुलासा कर शत-प्रतिशत माल बरामद करना पुलिस की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।



