उत्तर प्रदेश

गन्ने का लाभकारी मूल्य 700 रुपये प्रति कुंतल घोषित करे योगी सरकार: भगत सिंह वर्मा

कलयुग दर्शन (24×7)

हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)

सहारनपुर। देवबंद के तलहेड़ी बुजुर्ग निकटवर्ती ग्राम गंगदासपुर जट में किसानों की एक बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन वर्मा एवं पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल किया कि आखिर गन्ना सीजन 2026-27 शुरू होने के बावजूद गन्ने का मूल्य कब घोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अधिकांश चीनी मिलें चालू हो चुकी हैं लेकिन सरकार ने अभी तक गन्ने का मूल्य घोषित नहीं किया है जिससे किसानों में भारी नाराजगी है भगत सिंह वर्मा ने कहा कि कोल्हू और चरखियों में गन्ने का भाव 500 रुपये प्रति कुंतल तक पहुंच गया है। जबकि चीनी मिलों की तुलना में कोल्हुओं में चीनी की रिकवरी काफी कम होती है। इसके बावजूद किसानों को नकद भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाजार में चीनी का मूल्य 65 रुपये प्रति किलोग्राम है ऐसे में उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों को कम से कम 700 रुपये प्रति कुंतल लाभकारी मूल्य मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि चीनी मिलें एक कुंतल गन्ने से 11 से 13 किलोग्राम तक चीनी तैयार कर रही हैं इसके अलावा लगभग 5 किलोग्राम शीरा भी प्राप्त होता है। वहीं गन्ने की खोई (बगास) से बिजली का उत्पादन कर चीनी मिलें करोड़ों रुपये की कमाई कर रही हैं। उत्तर प्रदेश सरकार को भी शीरे से बनने वाले अल्कोहल और शराब पर उत्पाद शुल्क के रूप में प्रतिवर्ष 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक राजस्व प्राप्त होता है। इसके बावजूद गन्ना किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सरकार किसानों को 700 रुपये प्रति कुंतल लाभकारी मूल्य देना तो दूर गन्ने की लागत 550 रुपये प्रति कुंतल भी नहीं दिला पा रही है।

इस बार किसानों को चीनी मिलों से 700 रुपये प्रति कुंतल की दर से नकद भुगतान चाहिए इसके लिए बड़े आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को बड़ौत में देश के करीब दो दर्जन किसान संगठनों के हजारों किसान एकत्र होंगे जहां से बड़े किसान आंदोलन की शुरुआत की जाएगी भगत सिंह वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तत्काल गन्ने का लाभकारी मूल्य 700 रुपये प्रति कुंतल घोषित नहीं किया और पिछले वर्षों में चीनी मिलों द्वारा गन्ना भुगतान में की गई देरी का ब्याज किसानों को नहीं दिलाया तो प्रदेश के गन्ना किसान वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट नहीं देंगे बैठक की अध्यक्षता करते हुए भारतीय किसान यूनियन वर्मा के राष्ट्रीय सलाहकार हाफिज मुर्तजा त्यागी ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार लगातार गन्ना किसानों का शोषण कर रही हैं। चीनी मिलों से कथित साठगांठ के चलते किसानों को आर्थिक रूप से कमजोर किया जा रहा है जिसे किसान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे बैठक में पदम सिंह, रविंद्र कुमार, भूपेंद्र सिंह गिल, प्रदीप बराड़, मोहित शर्मा, सुभाष शर्मा, सुरेश कुमार, दीपक पूनिया, आजाद सिंह, पप्पू, जोगिंदर सिंह, अमरदीप मान, विक्की चौधरी, संदीप कुमार,आकाश कुमार पूनिया, प्रहलाद सिंह और रामवीर सिंह सहित अनेक किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button