पाइन हिल्स एकेडमी में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस, बच्चों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां

कलयुग दर्शन (24×7)
हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)
सहारनपुर। मंडी समिति रोड स्थित पाइन हिल्स एकेडमी में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. खालिद अंसारी (एडवोकेट) एवं चेयरमैन सऊद खान ने किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू को बच्चों से विशेष लगाव था। वे हमेशा बच्चों की शिक्षा, विकास और उज्ज्वल भविष्य के पक्षधर रहे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सैय्यद मोहम्मद समीर ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचार एवं आदर्श आज भी बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर एक अच्छा नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी विशेष प्रस्तुतियां देकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं।



