उत्तराखंड

पंडित नेहरू ने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी: कांग्रेस नेता

कलयुग दर्शन (24×7)

नरेश मित्तल (संवाददाता)

हरिद्वार। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऋषिकुल स्थित कार्यालय में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी और सोम त्यागी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू केवल देश के प्रथम प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि आधुनिक, वैज्ञानिक और प्रगतिशील भारत की मजबूत नींव रखने वाले दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने कहा कि नेहरू ने देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और स्वतंत्रता के बाद भारत को लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष एवं मजबूत राष्ट्र बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके कार्यकाल में शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्योग, चिकित्सा और अनुसंधान के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण संस्थानों की स्थापना हुई, जिन्होंने आधुनिक भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे। बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें बेहतर शिक्षा एवं संस्कार देकर ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है।

इसी भावना के साथ उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज देश को पंडित नेहरू के लोकतांत्रिक मूल्यों, वैज्ञानिक सोच, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे के विचारों को अपनाने की आवश्यकता है। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर राजू चित्कारा, धर्मराज सैनी, जवाहर चावला, जावेद आलम, कमल सैनी, नेकीराम, शिवम वाल्मीकि, प्रेम सिंह, आनंद, अनूप, इशांत जांगीड़, सोमपाल, राजेश, अंशुल, सोनू सैनी, प्रिंस गैरोला, पप्पू, अनूप ठेकेदार आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button