उत्तराखंड

नेहरू के विचार आज भी लोकतंत्र और देश की प्रगति के लिए प्रासंगिक: अमन गर्ग

कलयुग दर्शन (24×7)

दीपक झा (संवाददाता)

हरिद्वार। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती पर महानगर कांग्रेस कमेटी के मायापुर स्थित कार्यालय में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश की आजादी के लिए वर्षों जेल में बिताए। स्वतंत्र भारत का नेतृत्व संभालने के समय देश विभाजन की पीड़ा और संसाधनों की कमी से जूझ रहा था। ऐसे कठिन दौर में उन्होंने संसद में खुली बहस और जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि नेहरू के सार्वजनिक जीवन से कार्यकर्ताओं को सीख मिलती है कि जनता को सवाल पूछने का अधिकार है और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे जनता के सवालों को सुनें और उनका जवाब दें। महिला कांग्रेस की महानगर अध्यक्ष लता जोशी एवं ब्लॉक अध्यक्ष रचना शर्मा ने कहा कि पंडित नेहरू बच्चों की जिज्ञासा को विशेष महत्व देते थे।

वहीं, यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया और एनएसयूआई के महानगर अध्यक्ष याज्ञिक वर्मा ने कहा कि नेहरू ने देश की प्रगति में शिक्षा और विज्ञान की अहमियत को समझते हुए कई महत्वपूर्ण संस्थानों की स्थापना की नींव रखी। उनके कार्यकाल में स्थापित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जैसे संस्थानों ने देश में इंजीनियरों, चिकित्सकों और शोधकर्ताओं की पीढ़ियां तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर यूथ कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट विवेक जागरिया, यश शर्मा, पार्षद हिमांशु गुप्ता, महानगर कांग्रेस सचिव आशीष प्रधान, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव शशि झा, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि सागर ठाकुर, छात्र नेता तन्वी गुप्ता, तनुज गुप्ता, पायल सैनी, ओम कश्यप, राहुल यादव, नितिन रावत, छवि त्यागी, आदित्य गोसाईं, कनिका रतूड़ी, हरि नारायण और शिवांगी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button