उत्तराखंड

प्रॉपर्टी डीलर ने साथियों संग मिलकर की फायरिंग, चार गिरफ्तार; तीन हथियार और फॉर्च्यूनर कार बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में मामूली विवाद के चलते प्रॉपर्टी डीलर ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर कार्यालय में काम करने वाले एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि पांचों ने पीड़ित पर फायरिंग कर उसे जान से मारने का प्रयास किया। घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने बुग्गावाला थाना क्षेत्र से चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपित फरार है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर कार, तीन हथियार, जिंदा कारतूस और खोखे बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, सुभाष नगर ज्वालापुर निवासी निशांत यादव पुत्र राजनाथ यादव ने तहरीर देकर बताया कि 12-13 नवंबर की रात ब्रेजा और फॉर्च्यूनर कार में सवार पांच लोगों ने उस पर जान से मारने की नीयत से पिस्तौल से फायरिंग की। तहरीर के आधार पर ज्वालापुर कोतवाली में गुड्डू चौधरी, मनोज कुमार, अंकुर वर्मा उर्फ हन्नी, हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर ने बाजार चौकी प्रभारी उप निरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की। 13 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बुग्गावाला थाना क्षेत्र में दबिश देकर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुड्डू चौधरी निवासी शिवालिक नगर, रानीपुर, मनोज कुमार निवासी बिटावड़ा, थाना बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर, हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी, रानीपुर और संदीप उर्फ मोनू निवासी चंदनहेड़ी ख्वाजापुर, थाना छपरौली, बागपत के रूप में हुई है।

तीन हथियार और फॉर्च्यूनर कार बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 315 बोर की एक राइफल, छह जिंदा कारतूस और दो खोखे, 12 बोर की एक पंप एक्शन गन व चार जिंदा कारतूस तथा 32 बोर की एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त यूके-08 बीक्यू-9009 नंबर की फॉर्च्यूनर कार भी बरामद की गई है। पुलिस ने दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 61(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/29 की बढ़ोतरी की है। फरार पांचवें आरोपित की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए चारों आरोपितों का चालान कर दिया है।

Related Articles

Back to top button