स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी समारोह 19-20 दिसंबर को

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। महान स्वतंत्रता सेनानी एवं गुरुकुलीय शिक्षा के प्रबल समर्थक महात्मा स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान की शताब्दी के उपलक्ष्य में 19 और 20 दिसंबर को गुरुकुल कांगड़ी में दो दिवसीय समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में स्वामी श्रद्धानंद को भारत रत्न देने की मांग केंद्र सरकार के समक्ष उठाई जाएगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर स्वामी आर्यवेश की अध्यक्षता में आर्य समाज के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद का स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुकुलीय शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए गुरुकुलों को भी सरकारी शिक्षण संस्थानों की तरह सुविधाएं उपलब्ध कराकर मजबूत किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि समारोह में केंद्र और प्रदेश सरकार के कई मंत्री शामिल होंगे। स्वामी आर्यवेश ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद ने लॉर्ड मैकाले की शिक्षा पद्धति का सशक्त विकल्प प्रस्तुत करते हुए गुरुकुलीय शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण और चरित्र निर्माण का मार्ग दिखाया। ऐसे महान व्यक्तित्व को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि स्वामी यतीश्वरानंद के संयोजन में आयोजित समारोह की अध्यक्षता योगगुरु स्वामी रामदेव करेंगे।

समारोह में आर्य समाज के संन्यासी, विद्वान, गुरुकुलों के आचार्य, भजनोंपदेशक, युवा संगठनकर्ता तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार के मंत्रियों सहित देशभर से हजारों आर्यजन शामिल होंगे। सार्वदेशिक आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी आदित्यवेश ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद का बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव अमर रहेगा। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, शिक्षा, सामाजिक सुधार और वैदिक संस्कृति के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा। बैठक में आचार्य धनंजय, शत्रुघ्न मौर्य, मानपाल सिंह राठी, हाकम सिंह आर्य, तेलूराम आर्य, स्वामी मेधानंद, महात्मा कृष्ण मुनि, आचार्य सविता, स्वामी सुरेंद्रानंद, स्वामी विरक्तदेव, कामेंद्र आर्य, ओमप्रकाश मलिक, दिनेश आर्य, धर्मेंद्र आर्य, अवनीश आर्य और दीपक आर्य सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।



