उत्तराखंड

अंकिता हत्याकांड: उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर का गांधीनगर में होगा नार्को व पॉलीग्राफ टेस्ट

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीवीआईपी के नामों के खुलासे को लेकर चर्चा में आईं उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर का नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में कराया जाएगा। शुक्रवार को देहरादून स्थित सीबीआई कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान यह जानकारी सामने आई। हालांकि, दोनों के टेस्ट की तारीख अभी तय नहीं हुई है। कोर्ट में पेशी के बाद उर्मिला सनावर ने मीडिया से बातचीत में खुद को भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता बताते हुए न्याय मिलने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए वह नार्को टेस्ट सहित हर तरह की जांच कराने को तैयार हैं। साथ ही उन्होंने जेल में बंद दोषी पुलकित आर्य का भी नार्को टेस्ट कराने की मांग की। उर्मिला सनावर ने हरिद्वार की रानीपुर पुलिस पर आरोप लगाते हुए दावा किया कि नार्को टेस्ट नहीं कराने के लिए उन्हें 25 लाख रुपये और गाड़ी देने का प्रस्ताव दिया गया था। हालांकि, उनके इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

उर्मिला पहले भी सीबीआई की जांच पर भरोसा नहीं होने की बात कहते हुए मामले से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग कर चुकी हैं। 23 अक्टूबर को सीबीआई कोर्ट में पेश होकर उन्होंने नार्को टेस्ट के लिए सहमति जताई थी। 26 अक्टूबर को प्रस्तावित अगली पेशी से पहले हरिद्वार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। यह गिरफ्तारी पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर रानीपुर थाने में दर्ज मुकदमे के सिलसिले में हुई थी। शिकायत में सोशल मीडिया पर अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। अब गांधीनगर में प्रस्तावित नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट की तारीख तय होने का इंतजार है। जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद ही मामले में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button