साध्वी जीवन ज्योति मां बनेंगी निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर
सनातन धर्म संस्कृति के प्रचार प्रसार में साध्वी जीवन ज्योति मां का अहम योगदान: श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने जय मां मिशन की संस्थापक चक्रवर्ती महामंडलेश्वर ब्रह्मलीन उषा माता महाराज एवं ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर स्वामी महादेव महाराज की शिष्या साध्वी जीवन ज्योति मां को निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर की पदवी प्रदान की घोषणा की है। शुक्रवार को निरंजनी अखाड़ें में भेंट करने पहुंची साध्वी जीवन ज्योति मां का अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने मां मनसा देवी की प्रतिमा भेंटकर और चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि चक्रवर्ती महामंडलेश्वर ब्रह्मलीन उषा माता महाराज एवं उनके परम् शिष्य ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर संत समाज की दिव्य विभूति थे। साध्वी जीवन ज्योति मां अपने गुरूजनों की सेवा परंपरा और धर्म जागरण के कार्यो को जिस प्रकार आगे बढ़ा रही हैं। वह सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि सनातन में नारी शक्ति को देवी और पूज्य माना गया है। निरंजनी अखाड़े द्वारा हमेशा ही महिला संतों को सम्मान दिया जाता रहा है। सनातन धर्म संस्कृति के प्रचार प्रसार में साध्वी जीवन ज्योति मां के अहम योगदान को देखते हुए उन्हें निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर का पद प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।

कुंभ मेले से पूर्व अखाड़े के पंच परमेश्वर व संत समाज की मौजूदगी में उन्हें महामंडलेश्वर की पदवी प्रदान की जाएगी। महामंडलेश्वर बनने के बाद वे सनातन के प्रचार प्रसार और अखाड़े की प्रतिष्ठा बढ़ाने में योगदान करेंगी। साध्वी जीवन ज्योति मां ने कहा कि निरंजनी अखाड़े की महामंडलेश्वर के रूप में सनातन और संत परंपरांओं को मजबूत करने में योगदान करेंगी। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज सरल स्वभाव के संत हैं और सनातन जगत को एकजुट करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उनके नेतृत्व में हरिद्वार कुंभ मेला भव्य और दिव्य स्वरूप मे ंसंपन्न होगा। इस अवसर पर निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, महंत दिनेश गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद गिरी, महंत हरगोविंद पुरी, महंत राजगिरी, महंत सतीश वन, साध्वी पूजा ज्योति मां, जगदीश चावला, अमित वालिया आदि मौजूद रहे।



