स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने सोनिया गांधी की बायोग्राफी से बनाई दूरी, ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर उठाए सवाल

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की बायोग्राफी बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी इस पुस्तक को पढ़ने में कोई विशेष रुचि नहीं है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की जीवन कथा का उनसे कोई लेना-देना नहीं है। यह न तो रामचरितमानस है और न ही महाभारत, जिससे उन्हें जीवन की प्रेरणा मिल सके। वे भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के चरित्र का अध्ययन कर लोककल्याण और जीवन के आदर्शों की प्रेरणा लेते हैं।
ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर उठाए सवाल
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने इसे हिंदू धर्म के लिए खतरा बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति धीरे-धीरे अमेरिका की दो दलीय व्यवस्था की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। दलित और मुस्लिम मतदाताओं को जोड़कर बनाए जा रहे गठबंधनों पर उन्होंने आशंका जताई कि इससे हिंदू समाज और हिंदू धर्म को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने ऐसे गठबंधनों को आदर योग्य नहीं माना।

योगी सरकार पर गोवंश की घटती संख्या को लेकर निशाना
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि भाजपा सरकार के दस साल के कार्यकाल में गोवंश की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2019 से 2024 के बीच हुई गणना में करीब 70 लाख गोवंश कम होने की बात सामने आई है। उन्होंने इतनी बड़ी संख्या में गोवंश की कमी पर सरकार से सवाल करते हुए कहा कि इससे हिंदू समाज में सरकार के प्रति पहले जैसा विश्वास नहीं रह गया है। इसका असर आगामी चुनाव में भी देखने को मिल सकता है।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट का नाम शंकराचार्य के नाम पर रखने की मांग
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट का नाम आदि गुरु शंकराचार्य के नाम पर रखने की मांग दोहराते हुए राज्य सरकार के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आदि गुरु शंकराचार्य सनातन धर्म के पुनरुद्धारक और भारत की आध्यात्मिक एकता के सूत्रधार थे। उनका उत्तराखंड से विशेष आध्यात्मिक संबंध रहा है। यहां उनकी पीठ और समाधि भी स्थापित है। उन्होंने कहा कि इन्हीं ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व को देखते हुए एयरपोर्ट का नाम उनके नाम पर रखने की मांग की जा रही है, लेकिन लंबे समय से इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। लगातार हो रही देरी से उन्हें निराशा हो रही है।

शीतकालीन चारधाम यात्रा को बताया सराहनीय पहल
उत्तराखंड सरकार की शीतकालीन चारधाम यात्रा को बढ़ावा देने की पहल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन दोनों चारधाम यात्राएं संचालित होनी चाहिए। भगवान के दर्शन और आशीर्वाद के लिए मौसम बाधा नहीं बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई श्रद्धालुओं ने शीतकालीन यात्रा के सुखद अनुभव साझा किए हैं। गर्मियों की अपेक्षा सर्दियों में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन हो जाते हैं। उन्होंने इसे धार्मिक पर्यटन और श्रद्धालुओं की सुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण पहल बताया।



