बाल दिवस पर यातायात पुलिस ने 400 बच्चों को सिखाए सड़क सुरक्षा के नियम

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। बाल दिवस के अवसर पर यातायात पुलिस ने अनूठी पहल करते हुए जवाहरलाल नेहरू युवा केंद्र में विशेष यातायात जागरूकता अभियान आयोजित किया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के लगभग 400 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह और पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक यातायात विपेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक संदीप सिंह नेगी एवं सीपीयू उपनिरीक्षक नीरज मेहरा ने बच्चों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी।

इस दौरान बच्चों को सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके, रेड लाइट और ट्रैफिक सिग्नल का पालन, पैदल यात्रियों के नियम, हेलमेट एवं सीट बेल्ट की उपयोगिता तथा सड़क पर बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को यातायात नियमों का स्वयं पालन करने और अपने परिवारजनों व आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ दूसरों का जीवन भी सुरक्षित रखा जा सकता है।



