उत्तराखंड

अंकिता भंडारी हत्याकांड: विनोद आर्य ने उठाए जांच पर सवाल, सीबीआई जांच की मांग की

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड में मुख्य आरोपित पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने रविवार को प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने अपने बेटे पुलकित आर्य को निर्दोष बताते हुए पुलिस जांच पर गंभीर सवाल उठाए और पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। विनोद आर्य ने दावा किया कि अंकिता की हत्या नहीं, बल्कि उसने आत्महत्या की थी। साथ ही उन्होंने रिसोर्ट में किसी वीआईपी के आने की बात को भी खारिज किया। विनोद आर्य ने आरोप लगाया कि अंकिता प्रकरण के बाद उनके रिसोर्ट पर बुलडोजर चलाए जाने से उन्हें करीब 50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि इस संबंध में शिकायत दर्ज कराने के प्रयास के बावजूद उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उन्होंने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंकिता का सिम बरामद कर लिया गया, लेकिन पुलकित का मोबाइल फोन और सिम अब तक बरामद नहीं हुआ है।

चार हजार चैट होने का दावा
विनोद आर्य ने दावा किया कि उनके पास अंकिता और उसके पुरुष मित्र के बीच हुई करीब चार हजार चैट मौजूद हैं। उनका कहना था कि इन चैट में पुलकित आर्य का नाम नहीं है। उन्होंने मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही अंकिता को कथित रूप से प्रताड़ित करने वाले सभी लोगों की भूमिका की जांच किए जाने की बात कही।

अधिवक्ता ने भी उठाए सवाल
इस दौरान पुलकित आर्य के अधिवक्ता ने भी पुलिस जांच और घटनाक्रम पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में पुलकित आर्य और अन्य आरोपितों को झूठा फंसाया गया है। अधिवक्ता ने शव की बरामदगी और पुलिस की कार्रवाई को लेकर संदेह जताते हुए स्वतंत्र जांच एजेंसी से पूरे प्रकरण की नए सिरे से जांच कराने की मांग की। पत्रकार वार्ता में विनोद आर्य ने अपने परिवार के खिलाफ हुई कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि उन्हें भी अपनी बात रखने और शिकायतों पर सुनवाई का अधिकार मिलना चाहिए।

Related Articles

Back to top button