उत्तराखंड

दरगाह साबिर पाक में जियारत के दौरान फिल्म प्रोड्यूसर हाजी शकील सैफी से 40 करोड़ की फिरौती मांगी, परिवार को बम से उड़ाने की धमकी

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

रिद्वार। विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक में जियारत करने पहुंचे दिल्ली निवासी फिल्म प्रोड्यूसर एवं भाजपा नेता हाजी शकील सैफी को 40 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और रकम न देने पर परिवार के सदस्य को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित के मुताबिक, फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा बताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जियारत के दौरान आया धमकी भरा फोन
हाजी शकील सैफी के अनुसार, वह 14 नवंबर को दरगाह साबिर पाक में जियारत के लिए पिरान कलियर पहुंचे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक फोन आया। आरोप है कि फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए 40 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। रकम नहीं देने पर परिवार के एक सदस्य को बम से उड़ाने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद से पीड़ित और उनके साथ मौजूद लोगों में चिंता का माहौल है।

कलियर पुलिस को दी तहरीर, उच्चस्तरीय जांच की मांग
धमकी मिलने के बाद हाजी शकील सैफी ने कलियर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई कराने की अपील की है। पीड़ित ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

चार नवंबर को दिल्ली में भी दर्ज कराया था मुकदमा
हाजी शकील सैफी का दावा है कि उन्हें इससे पहले भी धमकी मिल चुकी है। इस संबंध में चार नवंबर को दिल्ली के निहाल विहार थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। अब पिरान कलियर में जियारत के दौरान दोबारा धमकी मिलने से मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि धमकी देने वाला व्यक्ति कौन है और उसका वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं।

फिल्म निर्माण से भी जुड़ा रहा है हाजी शकील सैफी का नाम
हाजी शकील सैफी का फिल्म जगत से पुराना जुड़ाव रहा है। वह सैफी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रह चुके हैं। इसके अलावा वह सामाजिक संस्था वर्ल्ड पीस हार्मनी के चेयरमैन, सैफी हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ और चैरिटेबल ट्रस्ट इंडिया सैफी फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय बताए जाते हैं।

मोबाइल नंबर की जांच में जुटी पुलिस
पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि हाजी शकील सैफी जियारत के लिए कलियर आए थे और उन्होंने मोबाइल पर धमकी मिलने की शिकायत दी है। उन्होंने दिल्ली में पहले से मुकदमा दर्ज होने की जानकारी भी दी है। एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि हाजी शकील सैफी को लगातार फोन आने की बात सामने आई है। तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जिस मोबाइल नंबर से धमकी दी गई, उसकी गहनता से पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button