उत्तराखंड

बहादराबाद में पुलिस और हथियार तस्करों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार

कलयुग दर्शन (24×7)

सागर कुमार (सह संपादक)

हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र में रविवार को पुलिस और अवैध हथियारों के दो कथित तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के कब्जे से दो पिस्टल बरामद की हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, बहादराबाद पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध हथियारों के साथ हरिद्वार आ रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बहादराबाद क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागकर गन्ने के खेतों में घुस गए। इसी दौरान आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुकुल (करीब 25 वर्ष) और भूपेंद्र निवासी सरधना, मेरठ के रूप में हुई है। मुठभेड़ में घायल मुकुल को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जबकि दूसरे आरोपित भूपेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो पिस्टल बरामद की हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस मेरठ से हरिद्वार तक फैले अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपित हथियार कहां से लाते थे और हरिद्वार में किन लोगों को इनकी आपूर्ति की जानी थी। इसके साथ ही आरोपितों के अन्य संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button