उत्तराखंड

लक्सर में गश्त के दौरान पुलिस वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, एसएसआई राजेश बिष्ट गंभीर घायल

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

हरिद्वार। जिले के लक्सर में बीती देर रात गश्त के दौरान पुलिस टीम का वाहन भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की गाड़ी ट्रक के साथ करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) राजेश बिष्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर में गंभीर चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 11 बजे लक्सर कोतवाली की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक के साथ करीब 200 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के समय पुलिस वाहन में एसएसआई राजेश बिष्ट, चालक कपिल देव, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और होमगार्ड मनोज कुमार सवार थे। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। आसपास के लोगों ने राहगीरों की मदद से ट्रैक्टर के जरिए दोनों वाहनों को अलग कराया। इसके बाद घायल एसएसआई को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। घटना के बाद काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही।

Related Articles

Back to top button