उत्तराखंड

रुड़की में होटल पर पुलिस की छापेमारी, तीन महिलाएं और होमगार्ड हिरासत में

रोडवेज बस स्टैंड के आसपास देह व्यापार का आरोप, पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की मांग

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

रुड़की। शिक्षा नगरी रुड़की में देह व्यापार की गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। खासतौर पर रोडवेज बस स्टैंड से शताब्दी द्वार तक का क्षेत्र चर्चाओं में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस क्षेत्र में सुबह से ही संदिग्ध महिलाओं की आवाजाही शुरू हो जाती है और राहगीरों व यात्रियों को इशारों से बुलाया जाता है। इस नेटवर्क में कुछ ई-रिक्शा चालकों की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है। इसी बीच देर शाम सूचना मिलने पर सिविल लाइन कोतवाली पुलिस ने रोडवेज बस स्टैंड के समीप स्थित एक होटल पर छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से होटल में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं और उनके साथ मौजूद एक होमगार्ड जवान को हिरासत में लिया। पुलिस सभी को सिविल लाइन कोतवाली ले गई, जहां पूछताछ के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।

हालांकि, मामले में आरोपों और संबंधित लोगों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। गौरतलब है कि सिविल लाइन पुलिस इससे पहले भी इस क्षेत्र में देह व्यापार के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई कर चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई के बावजूद इस तरह की गतिविधियां दोबारा शुरू हो जाती हैं। क्षेत्रवासियों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से पूरे नेटवर्क की जांच करने, कथित दलालों, होटल संचालकों और संदिग्ध ई-रिक्शा चालकों की भूमिका की पड़ताल करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button