उत्तर प्रदेश

आईएमए की पहली जनरल बॉडी बैठक में वरिष्ठ चिकित्सकों को किया सम्मानित

आईसीयू संचालन के सरकारी नियमों और मरीजों की सुरक्षा पर सीएमओ ने दी जानकारी, आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों पर हुई वैज्ञानिक चर्चा

कलयुग दर्शन (24×7)

हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)

सहारनपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सहारनपुर शाखा की वर्तमान कार्यकाल की पहली जनरल बॉडी मीटिंग (जीबीएम) बुधवार को जीपीओ रोड स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आईएमए अध्यक्ष डॉ. डी.के. गुप्ता ने की। इसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में चिकित्सकों ने प्रतिभाग किया। बैठक में मानद सचिव डॉ. अनुपम मलिक ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन की आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेर सिंह कक्कड़ ने कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले आईएमए के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. के.ए.के. जैन, डॉ. सुरेंद्र मोहन गुप्ता और डॉ. पूनम कुमार को सम्मानित किया गया। आईएमए अध्यक्ष डॉ. डी.के. गुप्ता, डॉ. अनुपम मलिक, डॉ. विकास अग्रवाल एवं डॉ. सौम्या जैन ने तीनों चिकित्सकों को स्मृति चिह्न भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेर सिंह कक्कड़ ने आईसीयू के निर्माण एवं संचालन से संबंधित शासनादेशों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आईसीयू संचालन में सरकारी नियमों के पालन और मरीजों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। बैठक में चिकित्सा विज्ञान से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर वैज्ञानिक व्याख्यान भी आयोजित किए गए। डॉ. मयंक नौटियाल, एमसीएच (गैस्ट्रो सर्जरी) ने जीआई एवं हेपेटोबिलियरी सर्जरी विषय पर नवीनतम जानकारियां साझा कीं। उन्होंने इस क्षेत्र में विकसित हो रही नई तकनीकों, रोबोटिक सर्जरी और आधुनिक उपचार पद्धतियों के बारे में विस्तार से बताया। वहीं, डॉ. ज्योति रैना, एमडी (प्रसूति एवं स्त्री रोग) ने गंभीर एंडोमेट्रियोसिस में सर्जिकल मैनेजमेंट विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने गंभीर मामलों में सर्जरी की भूमिका, आवश्यक सावधानियों और बेहतर उपचार परिणामों के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।

व्याख्यान के बाद चिकित्सकों ने सवाल-जवाब सत्र में भाग लेकर अपने अनुभव और विचार साझा किए। बैठक में संगठन की गतिविधियों एवं चिकित्सकों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। अंत में मानद वैज्ञानिक सचिव डॉ. सौम्या जैन ने सभी वक्ताओं और उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष डॉ. विकास अग्रवाल, डॉ. रविकान्त निरंकारी, डॉ. संजीव अग्रवाल, डॉ. सीमा अग्रवाल, डॉ. सुधीर अग्रवाल, डॉ. रिक्की चौधरी, डॉ. मोहन पांडे, डॉ. अनिल मलिक, डॉ. साक्षी मलिक, डॉ. खलीउल्ला खान, डॉ. नरेंद्र खन्ना, डॉ. स्वर्णजीत सिंह, डॉ. महेश गोयल, डॉ. उदयराज सिंह, डॉ. संजय यादव, डॉ. कुणाल जैन, डॉ. नागपाल, डॉ. संजीव मित्तल, डॉ. आर.एन. बंसल, डॉ. वंदना आर्य, डॉ. नरेश नौसरान, डॉ. उत्कर्ष, डॉ. नीरज आर्य, डॉ. महेश ग्रोवर, डॉ. सुशील कुमार, डॉ. पूजा खन्ना, डॉ. अनिता मलिक, डॉ. रजनीश सिंघल, डॉ. जी.बी. लाल, डॉ. सी.एस. चोपड़ा, डॉ. रविंद्र राणा, डॉ. प्रशांत खन्ना सहित अनेक चिकित्सक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button