आदेश चौहान ने 80 करोड़ की सीवर परियोजना का किया शुभारंभ
35 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछने से रानीपुर क्षेत्र की कई कॉलोनियों को मिलेगी सुविधा

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में करीब 80 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी मिली है। केएफडब्ल्यू (KfW) पोषित परियोजना के पैकेज-3 के तहत क्षेत्र में लगभग 35 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी। शुक्रवार को विधायक आदेश चौहान ने विधिवत पूजन-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस परियोजना से नगर निगम हरिद्वार के वार्ड संख्या 59 और 60 की कई कॉलोनियों को लाभ मिलेगा। इनमें ट्रांसपोर्ट नगर, सीतापुर, जानकी विहार, रवि विहार, हरिलोक फेस-2, नया गांव, नाहर सिंह एन्क्लेव, ब्रह्म सिंह एन्क्लेव, ब्रज सिंह-भूप सिंह एन्क्लेव, जगदीश कॉलोनी, योरावर एन्क्लेव, गणेश विहार फेस-1 व फेस-2, राजलोक विहार और राधा एन्क्लेव सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं। इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि वर्ष 2014 से ही इस योजना को धरातल पर उतारने के प्रयास शुरू कर दिए गए थे। वर्ष 2015 में परियोजना की डीपीआर तैयार कर केंद्र सरकार को भेजी गई थी। वर्ष 2017 में प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद योजना को आगे बढ़ाने के प्रयास तेज हुए। तत्कालीन कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल परियोजना के तकनीकी पहलुओं को आगे बढ़ाने के लिए जर्मनी भी गया था।

केंद्र और प्रदेश सरकार के समन्वय से अब इस परियोजना को स्वीकृति मिली है। विधायक ने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सीवर और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह परियोजना क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करेगी और हजारों नागरिकों को बेहतर सीवर सुविधा उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे। परियोजना के शुभारंभ पर क्षेत्रवासियों ने विधायक आदेश चौहान का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पार्षद विनीत चौहान, संदीप शर्मा, देवेश वर्मा, धीरेंद्र प्रधान, लैविश चौहान, नीति शर्मा, पवन चौहान, राजीव चौहान, अजय सोलंकी, अधिशासी अभियंता मीनाक्षी, विजय शुक्ला, गोपाल शर्मा, आकाश चौधरी, रतीभान चौहान, उदयवीर सिंह, महेश कुमार, मनोज कुमार, बृजभूषण, नंदन शर्मा, राज शर्मा, मोनू चौहान, सुरेंद्र चौहान, जे.के. तोमर और कपिल कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



