हरिद्वार में मेगा स्वच्छता अभियान, डाम कोठी से भागीरथी घाट तक चला सफाई अभियान
मुख्यमंत्री के निर्देशन में हरिद्वार में मेगा स्वच्छता अभियान, अधिकारियों ने दिलाई शपथ

कलयुग दर्शन (24×7)
नरेश मित्तल (संवाददाता)
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन तथा जिलाधिकारी के आदेश पर शहर में मेगा स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान की शुरुआत डाम कोठी परिसर से हुई, जहां प्राधिकरण के सचिव मनीष सिंह ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई। इसके पश्चात डाम कोठी से भागीरथी घाट तक व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी मात्रा में कचरा एकत्र कर उसका निस्तारण किया गया तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह निरंतर चलने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गंगा नगरी हरिद्वार की पवित्रता और सुंदरता बनाए रखना हम सभी का दायित्व है, जिसके लिए प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

प्राधिकरण के सचिव मनीष सिंह ने शपथ दिलाते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय अपने आसपास की सफाई में लगाए, तो बड़े अभियानों की आवश्यकता स्वतः ही कम हो जाएगी। उन्होंने लोगों से स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। अधीक्षण अभियंता राजन सिंह ने कहा कि स्वच्छता अभियान को केवल विशेष अवसरों तक सीमित न रखते हुए प्रतिदिन कम से कम एक घंटा “स्वच्छता संदेश अभियान” के रूप में चलाया जाना चाहिए, ताकि शहर में स्थायी एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था विकसित हो सके।

सहायक अभियंता प्रशांत सेमवाल ने कहा कि कचरा प्रबंधन और नियमित सफाई के माध्यम से ही शहर को स्वच्छ बनाया जा सकता है। यदि नागरिक कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालें और गंदगी फैलाने से बचें, तो यह अभियान और अधिक सफल होगा। सहायक अभियंता वर्षा ने कहा कि स्वच्छता के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। यदि लोग प्रतिदिन एक घंटा स्वच्छता को समर्पित करें, तो हरिद्वार को स्वच्छ और आदर्श नगर बनाया जा सकता है। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी विनोद कुमार राव, सहायक अभियंता के.एस. पवार, अवर अभियंता प्रिया सैनी, शबाना आजमी, संदीप उनियाल, अभिजीत सैनी, शुभम सैनी, विकास, सौरभ, राघव रामपाल, अभिनव, नंदन सिंह नेगी, प्रवीण माथुर, आलोक सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

[banner id="7349"]



