कुंभ निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, अपर मेलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण
पुल निर्माण और सड़क सुधारीकरण के लंबित कार्य समयसीमा में पूरे करने को कहा

कलयुग दर्शन (24×7)
सागर कुमार (सह संपादक)
हरिद्वार। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने बुधवार को खड़खड़ी में सूखी नदी पर निर्माणाधीन डबल लेन स्टील गर्डर पुल तथा दक्षद्वीप में एस्केप चैनल पर बन रहे पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। अपर मेलाधिकारी ने कहा कि कार्यदायी संस्थाएं पर्याप्त संसाधनों का उपयोग करते हुए पूरी क्षमता और दक्षता के साथ कार्य करें। निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ ही गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने पुराने दिल्ली-नीति पास मार्ग पर चल रहे सड़क सुधारीकरण एवं फुटपाथ निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर सीसीटीवी नेटवर्क की भूमिगत केबल डालने और सीवरेज लाइन से संबंधित कार्यों के कारण सड़क सुधारीकरण का काम रुका हुआ था, वहां अब संबंधित कार्य पूरे हो चुके हैं।

ऐसे में सड़क सुधारीकरण और फुटपाथ निर्माण के शेष कार्य बिना किसी विलंब के पूरे कराए जाएं।उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दृष्टिगत प्रमुख मार्गों का सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित होना बेहद जरूरी है। सड़क सुधारीकरण के साथ फुटपाथ निर्माण पूरा होने से पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। बुधवार को लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष राजेशचंद्र शर्मा, अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह तथा सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता बीसी पांडे सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मेला क्षेत्र में विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कुंभ मेले से जुड़े निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।



