उत्तराखंड

एफडी-आरडी में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 30.74 लाख रुपये ठगे, छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। एफडी और आरडी में मोटा मुनाफा दिलाने तथा निवेश की रकम सुरक्षित रखने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 30 लाख 74 हजार 464 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले एक कंपनी में निवेश कराया गया और बाद में दूसरी कंपनी के पॉलिसी बॉन्ड देकर रकम लौटाने का भरोसा दिलाया गया। पॉलिसी की अवधि पूरी होने के बाद भी रकम वापस नहीं मिलने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम हबीबपुर कुड़ी, रायसी निवासी प्रमोद कुमार ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि जनवरी 2015 में उसकी मुलाकात खुर्शीद निवासी मखियाली कलां, प्रीतम सिंह निवासी सिकंदरपुर और इरशाद निवासी बुड़गरी, बिजनौर से हुई थी। तीनों ने खुद को एफडी, आरडी और बीमा पॉलिसी का काम करने वाला बताते हुए उसे यूनाइटेड एग्रो लाइफ इंडिया लिमिटेड कंपनी में निवेश करने की सलाह दी। इसके बाद उसकी मुलाकात कंपनी के डायरेक्टर बताए गए अहसान हैदर, मोहम्मद शाहनवाज और मोहम्मद जावेद से भी कराई गई। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों के झांसे में आकर उसने वर्ष 2015 से 2018 के बीच अलग-अलग एफडी में कुल नौ लाख रुपये जमा कराए। वर्ष 2020 में कोरोना संक्रमण के दौरान लॉकडाउन लगने पर लक्सर स्थित कंपनी की शाखा बंद हो गई। इसके बाद जब उसने अपनी जमा रकम वापस मांगी तो आरोपी उसे देहरादून स्थित कंपनी के कार्यालय ले गए। वहां उसे बताया गया कि पुरानी एफडी की रकम दूसरी कंपनी जुबिलेंट मल्टीपरपज विजन निधि लिमिटेड में जमा कर दी गई है।

आरोप है कि रकम वापस करने का भरोसा दिलाते हुए आरोपियों ने उसे दो चेक दिए, लेकिन बाद में दोनों चेक वापस ले लिए। इसके बदले उसे 16 लाख रुपये के आठ पॉलिसी बॉन्ड थमा दिए गए। आरोपियों ने भरोसा दिलाया कि पॉलिसी की अवधि पूरी होने पर उसे पूरी रकम वापस मिल जाएगी। हालांकि, निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी उसे रकम नहीं मिली। पीड़ित लगातार आरोपियों से संपर्क करता रहा, लेकिन हर बार उसे टाल दिया गया। प्रमोद कुमार का आरोप है कि 18 अगस्त 2026 को लक्सर में खुर्शीद और प्रीतम से मुलाकात के दौरान उसने अपने भाई के साथ मिलकर कुल 30 लाख 74 हजार 464 रुपये वापस मांगे। इस पर दोनों भड़क गए और उसके साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि दोबारा रकम मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने 31 अगस्त को लक्सर कोतवाली और पांच सितंबर को एसएसपी हरिद्वार को शिकायत भेजी थी। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button