गोकशी की फिराक में घूम रहा कुख्यात गोतस्कर पुलिस मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली

कलयुग दर्शन (24×7)
संदीप कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। जिले में गोकशी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भगवानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक कुख्यात गोतस्कर जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए रुड़की अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए। पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हलजोरा निवासी छोटू उर्फ शमशाद (36) पुत्र संसार, सिकरोड़ा गांव के पास स्थित एक आम के बाग में गोकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में था। बताया जा रहा है कि आरोपी गोकशी के लिए अपने साथी कालू का इंतजार कर रहा था।

इसी दौरान पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर आरोपी ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर उपचार के लिए रुड़की अस्पताल भिजवाया। घायल आरोपी की पहचान छोटू उर्फ शमशाद पुत्र संसार, निवासी ग्राम हलजोरा, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके साथी कालू की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल मामले में पुलिस की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।



