उत्तराखंड

1.222 किलो चरस के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार, कार और मोबाइल बरामद

कलयुग दर्शन (24×7)

नरेश मित्तल (संवाददाता)

हरिद्वार। नशा मुक्त देवभूमि अभियान के तहत पिरान कलियर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 1 किलो 222 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त रेनॉल्ट काइगर कार और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब चार लाख रुपये आंकी गई है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार और नशा मुक्त देवभूमि अभियान के तहत 9 नवंबर को पिरान कलियर पुलिस बेड़पुर चौक के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध रेनॉल्ट काइगर कार को रोककर तलाशी ली। कार सवार मोनू निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर के कब्जे से 1 किलो 222 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में नशा करने वाले लोगों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस एकत्र करता था और उसे कलियर क्षेत्र में अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाता था।

आरोपी पेशे से ड्राइवर है और व्यक्तिगत खर्चों के साथ अधिक पैसा कमाने के लालच में नशा तस्करी करने लगा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, एसआई अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, इसरार अली, माजिद खान, अमित कुमार और कांस्टेबल आविद अली शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button