उत्तराखंड

आकाश पर हमला करने के मामले में एक ही परिवार के पांच आरोपी गिरफ्तार

कलयुग दर्शन (24×7)

सरविन्द्र कुमार (संवाददाता)

हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार के खड़खड़ी क्षेत्र स्थित रामगढ़ नई बस्ती में युवक आकाश पर लाठी-डंडों और तलवार से हमला करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार सैनी (53) पुत्र फूल सिंह, आनंद सैनी (37) पुत्र फूल सिंह, सुमित सिंह (32) पुत्र फूल सिंह, अंकुल सैनी (25) पुत्र राजकुमार सैनी और ऋषभ (19) पुत्र राजकुमार सैनी के रूप में हुई है। सभी रामगढ़, संतोषी माता मंदिर के निकट नई बस्ती, खड़खड़ी के निवासी हैं। गौरतलब है कि आकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि बीती रात उसकी पत्नी बाजार से सामान लेने जा रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने उसकी पत्नी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था।

आकाश का आरोप है कि अगली सुबह जब वह घर से बाहर निकला तो आरोपियों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों व तलवार से हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे उसके पिता ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। घटना के बाद पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button