राज्य मंत्री सुनील सैनी के पिता बलबीर सिंह सैनी का निधन, हरिद्वार में शोक की लहर

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री सुनील सैनी के पिता एवं हरिद्वार के प्रतिष्ठित समाजसेवी, शिक्षाविद् तथा सैनी समाज के प्रमुख व्यक्तित्व बलबीर सिंह सैनी का 87 वर्ष की आयु में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से हरिद्वार सहित पूरे सैनी समाज में शोक की लहर दौड़ गई। बलबीर सिंह सैनी शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में अपने उल्लेखनीय योगदान के लिए जाने जाते थे। वे कुंती नमन कॉलेज के संस्थापक थे। उन्होंने शिक्षा के प्रसार को जीवन का उद्देश्य बनाते हुए क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगाई और अनेक विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया। वे एक शिक्षाविद् होने के साथ-साथ समाज के प्रति समर्पित सेवाभावी व्यक्तित्व भी थे। उन्होंने अपना जीवन समाज के उत्थान और जनसेवा के लिए समर्पित किया।

सैनी समाज के विकास और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन को हरिद्वार के सामाजिक एवं शैक्षिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके निधन पर परिवार, शुभचिंतकों, शिक्षा जगत और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।



