लक्सर में लगातार दूसरे दिन रेलवे ट्रैक पर मिला शव, सनसनी

कलयुग दर्शन (24×7)
रजत कुमार (संवाददाता)
हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर लगातार दूसरे दिन शव मिलने से सनसनी फैल गई। मंगलवार को लक्सर-रायसी रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रुड़की स्थित मोर्चरी में रखवा दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को रेलवे कंट्रोल रूम मुरादाबाद से सूचना मिली कि लक्सर और रायसी के बीच रेलवे ट्रैक पर खंभा नंबर 19 के पास एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान करीब 45 से 50 वर्षीय व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। उसके माथे पर गंभीर चोट थी और एक पैर भी टूटा हुआ था।

पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मृतक ने क्रीम रंग की बनियान, ग्रे इनर, नीले-काले रंग की कमीज, ग्रे स्वेटर, पीला निक्कर और काली पैंट पहनी हुई थी। पुलिस ने शव को रुड़की मोर्चरी में रखवाकर पंचनामा सहित अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि सोमवार को भी लक्सर क्षेत्र के दोसनी रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला का शव मिला था। लगातार दूसरे दिन रेलवे ट्रैक पर शव मिलने से क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल है। पुलिस दोनों मामलों की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।



