कुंभ-2027 को स्वच्छता और दिव्यता के साथ भव्य रूप देने पर हुई चर्चा
निरंजनी अखाड़े के श्रीमहंत स्वामी दर्शन भारती जी महाराज से मिले आरआर एंटरप्राइजेज के संस्थापक अखिल शर्मा

कलयुग दर्शन (24×7)
राकेश वालिया (ब्यूरो चीफ)
हरिद्वार। कुंभ-2027 की तैयारियों और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर आरआर एंटरप्राइजेज के संस्थापक एवं प्रोपराइटर अखिल शर्मा ने निरंजनी अखाड़े के श्रीमहंत स्वामी दर्शन भारती जी महाराज से मुलाकात की। इस दौरान कुंभ मेले को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर अखिल शर्मा ने कहा कि कुंभ-2027 दिव्य और भव्य स्वरूप में आयोजित होगा। कुंभ की भव्यता के साथ स्वच्छता और बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कुंभ में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु और संत-महात्मा हरिद्वार पहुंचेंगे। ऐसे में गंगा घाटों, मेला क्षेत्र और आसपास के इलाकों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।

अखिल शर्मा ने कहा कि आरआर एंटरप्राइजेज की ओर से भी स्वच्छता और बेहतर व्यवस्थाओं के प्रति सकारात्मक सोच के साथ सहयोग की भावना रखी जाती है। कुंभ-2027 को यादगार बनाने के लिए जनसहभागिता और सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं। सभी के सहयोग से कुंभ को दिव्यता, भव्यता और स्वच्छता का संदेश देने वाला आयोजन बनाया जाएगा।



