वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान की मांग, उपाध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन

कलयुग दर्शन (24×7)
दीपक झा (संवाददाता)
हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन ने उत्तराखंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीनचंद्र वर्मा को ज्ञापन सौंपकर वरिष्ठ नागरिकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की है। खंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद की ओर से राज्य अतिथि गृह डामकोठी में विभिन्न वरिष्ठ नागरिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान सौंपे गए ज्ञापन में जनपद की सभी तहसीलों में वृद्धाश्रम स्थापित करने, प्रत्येक थाना क्षेत्र में वरिष्ठ नागरिकों को सूचीबद्ध कर नियमित बैठक आयोजित करने तथा उनके शोषण, उत्पीड़न और अधिकारों के हनन के मामलों में कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा वृद्धावस्था पेंशन बढ़ाकर पांच हजार रुपये प्रतिमाह करने, ईपीएफ पेंशन साढ़े सात हजार रुपये करने, बंद की गई रेल किराया छूट योजना दोबारा शुरू करने, बैंकों में जमा पूंजी पर वरिष्ठ नागरिकों को अधिक ब्याज देने और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की मांग भी उठाई गई।

वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन के अध्यक्ष चौधरी चरण सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए बड़ी-बड़ी घोषणाएं करती हैं, लेकिन धरातल पर उनका लाभ दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि ज्ञापन में उठाई गई कई मांगों के संबंध में विभिन्न न्यायालयों और वरिष्ठ नागरिक आयोग द्वारा आदेश दिए जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का संज्ञान लेकर उनके समाधान के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में केसी शर्मा, एसके गर्ग, जीके बड़ोला, चौधरी चरण सिंह, सुभाष हंस, विद्यासागर गुप्ता, शिवचरण, एससी ग्रोवर, श्याम सिंह, गुलाब राय, रामसागर सिंह, शिव बचन, महेशचंद काला, धर्मेंद्र, कर्णपाल, अनिल गुप्ता, सीपी शर्मा, ललित पांडे, ओमप्रकाश, मधुबाला गर्ग और शीशपाल सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक शामिल रहे।



