उत्तराखंड

रानीपुर से टिकट मांगना प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता का अधिकार: डॉ. संजय पालीवाल

कलयुग दर्शन (24×7)

आशु (संवाददाता)

हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस का टिकट मांग रहे पूर्व राज्य मंत्री डॉ. संजय पालीवाल ने कहा कि पार्टी में टिकट मांगना प्रत्येक कार्यकर्ता का अधिकार है। छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले डॉ. पालीवाल लंबे समय से कांग्रेस में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीन बार विधायक रहे आदेश चौहान जनता की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर पाए हैं। डॉ. पालीवाल ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सिडकुल की स्थापना की गई थी। इसका उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था, लेकिन वर्तमान विधायक सिडकुल में 70 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने के लक्ष्य को भी पूरा नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति में भी कोई खास सुधार नहीं हुआ है

वहीं, अनियोजित कॉलोनियों के निर्माण के चलते लोगों को जलभराव जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करना है तो पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होना होगा। एकजुटता के दम पर ही चुनाव में जीत हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में ब्राह्मण, ओबीसी और मुस्लिम मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या है। डॉ. संजय पालीवाल ने कहा कि वह लंबे समय से कांग्रेस में सक्रिय हैं और क्षेत्र की राजनीति को अच्छी तरह समझते हैं। शिक्षित होने के साथ ही युवाओं के बीच भी उनकी अच्छी पकड़ है।

Related Articles

Back to top button